रामपुर। मसवासी में मुरादाबाद मार्ग पर खौद कलां के निकट स्थित कान्हा गोशाला में मंगलवार को तीन गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई। इनमें एक गोवंशीय पशु घायल था, जबकि दो बछड़ों की बीमारी के कारण मौत होने की बात सामने आई है। आरोप है कि नगर पंचायत कर्मियों ने जेसीबी की मदद से मृत पशुओं के शव गोशाला के पास स्थित भूमि में दबा दिए।
गोशाला की क्षमता 350 पशुओं की है, जबकि वर्तमान में करीब 293 गोवंशीय पशु रखे गए हैं। पशु चिकित्सक डॉ. मनीष राठी ने बताया कि दो गोवंशीय पशु आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान एक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। दो बछड़ों की मौत बीमारी के कारण हुई है।
गोशाला में गोवंशीय पशुओं को उनकी प्रकृति और स्थिति के अनुसार अलग-अलग रखने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार गोशाला में सफाई व्यवस्था भी खराब बताई जा रही है। जगह-जगह गोबर और गंदगी के ढेर लगे हैं। बारिश के दिनों में जलभराव और कीचड़ के कारण स्थिति और खराब हो जाती है। इससे कमजोर और बीमार पशुओं को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने गोशाला की सफाई और पशुओं को रखने की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
000
गोशाला में दो बछड़ों की बीमारी के कारण मौत हुई है। एक गोवंशीय पशु घायल था, उसकी भी मृत्यु हो गई। पशुओं के उपचार और गोशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। -डॉ. अश्वनी कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी