बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर हुईं तीन सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। जिसमें दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बरेली जिले के मोहल्ला बिहारीपुर निवासी शादाब शाम करीब सात बजे बाइक से अपने घर जा रहे थे। भोट थाना क्षेत्र के गुजरैला गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसके कारण वह घायल हो गए। मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम नगला उदई निवासी अजय कुमार सुबह करीब छह बजे बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। केमरी रोड पर कोतवाली क्षेत्र के कोठा जागीर गांव के पास अचानक कोई पशु उनकी बाइक के सामने आ गया, जिसके कारण वह बाइक समेत रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि, मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम लोहा पट्टी निवासी शेखर शुक्रवार की रात करीब तीन बजे रुद्रपुर से बाइक से अपने घर जा रहे थे। केमरी रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसके कारण वह गंभीर घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अजय व शादाब को जिला अस्पताल रेफर किया है। किसी भी घटना की पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने भी तीनों घटनाओं के प्रति अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है अगर कोई तहरीर आती है तो वह जांच कर आगामी कार्रवाई करेंगे। संवाद