रामपुर। मसवासी क्षेत्र के गांव मंसूरपुर स्थित एक आम के बाग में बिना अनुमति पेड़ों की टहनियां काटे जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पांच आम के पेड़ों की टहनियां काटे जाने की पुष्टि होने पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को किसी व्यक्ति ने वन विभाग को बाग में आम के पेड़ों की टहनियां काटे जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। निरीक्षण के दौरान पांच आम के पेड़ों की टहनियां काटी हुई मिलीं। वन दरोगा अतुल कुमार ने बताया कि पेड़ों की छंटाई या टहनियां काटने के लिए विभागीय अनुमति आवश्यक होती है। बिना अनुमति टहनियां काटना वन नियमों का उल्लंघन है। मामले में बाग स्वामी के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई या छंटाई करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। संवाद