रामपुर। मिलक खानम पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक में चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब और पांच किलोग्राम गांजे के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
शनिवार रात को पुलिस माटखेड़ा के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बिलासपुर दिशा से एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। पुलिस ने पीछाकर डिलारी गांव के पास ट्रक को रोक लिया। पुलिस को देख चालक सहित तीन लोग ट्रक से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने तीनों को पीछाकर पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 25 पेटी अंग्रेजी शराब जो कि चंडीगढ़ से अवैध रूप से लाई गई थी। वहीं, पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वह चंडीगढ़ से अंग्रेजी शराब लाकर यूपी में बेचते हैं। वहां शराब सस्ती मिल जाती है। गांजे को बिलासपुर और उत्तराखंड के गांवों में बेचते हैं। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम रंजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी गुलड़िया थाना बिलासपुर, गुरमीत सिंह पुत्र तस्वीर सिंह निवासी बिलासपुर, महेंद्र सिंह पुत्र शीशा सिंह निवासी टाह खुर्द थाना बिलासपुर बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।