पंचायत चुनावों के तीसरे चरण शनिवार को सैदनगर और बिलासपुर विकास खंड के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। दोनों विकास खंडों में जिला पंचायत सदस्य के नौ और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 238 वार्डों में मतदान होना है। चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार शाम मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं।
मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। सैदनगर क्षेत्र को 15 और बिलासपुर क्षेत्र को 24 सेक्टरों में पहले ही बांट दिया गया है। जिला स्तरीय अफसरों को मजिस्ट्रेट की कमान सौंप दी गई है। जोनल और सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
डीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं। शनिवार को मतदान कराया जाएगा। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।