रामपुर। ईद का त्योहार संपन्न होने के बाद अब यात्रियों की वापसी होने लगी है। लोग ट्रेनों से वापसी करने लगे हैं। ट्रेनों में इस समय भीड़ ज्यादा हो रही है। सीटें पाने के लिए यात्री मारामारी कर रहे हैं। एसी, स्लीपर के साथ सामान्य कोच में भी लोगों को जगह नहीं मिल पा रही है। यात्रियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह-शाम की यात्रियों की भीड़ अब बढ़ने लगी है। ईद का त्योहार निपटने के बाद अब लोग अपने काम पर जाने के लिए वापसी हो रही है। ऐसे में नियमित ट्रेनों पर लोड बढ़ गया है। योगनगरी ऋषिकेश, राप्ती गंगा एक्सप्रेस, आला हजरत, दून एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में इस समय पांव रखने की जगह नहीं है। एसी और स्लीपर कोच में नो रूम चल रहा है, जबकि सामान्य कोच में इस समय भीड़ काफी अधिक है।
त्योहारी सीजन होने के चलते इस समय टीईटी की चेकिंग में भी तेजी आ गई है। रोजाना ट्रेनों में टीईटी चेकिंग कर रहे हैं। ट्रेनों में भीड़भाड़ ज्यादा होने के चलते सीटों के लिए मारामारी हो रही है। वहीं ट्रेनों में जगह न मिलने पर लोग बसों की तरफ भी रुख कर रहे हैं। इधर, स्टेशन अधीक्षक मो. आजम बताते हैं कि ईद की भीड़ है जो अब वापसी कर रही है, जिसके चलते स्टेशन पर भीड़ देखने को मिल रही है।
-