पुलिस से कार्रवाई की मांग
सैदनगर। अजीमनगर थाना क्षेत्र की एक युवती की शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में खुशी का माहौल था, लेकिन 25 दिन पहले ही युवक के परिजनों ने शादी से इन्कार कर दिया। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
खौद चौकी क्षेत्र की युवती की शादी दो महीने पहले स्वार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के युवक से तय हुई थी। सगाई भी हो गई थी। युवक को दो लाख रुपये भी दिए। शादी की तारीख सात फरवरी पक्की होने के बाद युवती के घर वाले तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान युवक के परिजनों ने युवती के पिता से शादी से इन्कार कर दिया।
इसके बाद दोनों परिवार के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। युवती के पिता का आरोप है कि जब रिश्ता ही टूट गया तो सगाई में दी रकम वापस हो। रकम मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मंगलवार को पीड़ित युवती के पिता खौद चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद