फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: भाखड़ा डैम के किनारे रातभर में और गहरा हुआ गड्ढा, मरम्मत में जुटा नहर विभाग

Thu, 10 Sep 2026 01:25 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलासपुर। नगर के भाखड़ा डैम के किनारे खोदलपुर रोड पर मंगलवार दोपहर अचानक बना गड्ढा रातभर में पानी घुसने से और गहरा व बड़ा हो गया। करीब 10 मीटर से अधिक लंबे हो चुके गड्ढे को बुधवार को दिनभर नहर विभाग के अधिकारी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बजरी और पानी रोकने वाले पदार्थ से दो जेसीबी के जरिए पाटने का प्रयास करते रहे।
विज्ञापन

हालांकि, चलते पानी के कारण पूर्ण सफलता नहीं मिल सकी। बुधवार शाम राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मजबूती के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे नगर के भाखड़ा डैम के निकट खोदलपुर रोड पर करीब आठ मीटर लंबा गड्ढा हो गया था। सूचना पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी, नहर विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केबी सिंह, एडीएम डॉ. नितिन मदान आदि ने मौके का निरीक्षण कर एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया और नहर विभाग के एसडीओ नंदलाल आर्य को तत्काल गड्ढे को भरवाने के निर्देश दिए थे। नहर विभाग के अधिशासी अभियंता देर रात तक अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे थे। पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल और ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख ने भी निरीक्षण किया था।
विज्ञापन

बुधवार सुबह लोगों ने देखा कि करीब आठ मीटर लंबा गड्ढा रात में पानी घुसने की वजह से करीब दस मीटर से अधिक लंबा, चार मीटर चौड़ा और करीब पांच मीटर से अधिक गहरा हो गया है। नहर विभाग के अधिकारी पूरे दिन गड्ढे को चलते पानी में रोकने वाले पदार्थ से भरवाते रहे, लेकिन पूर्ण सफलता नहीं मिल सकी।
शाम को राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख डैम पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया, एसडीओ नंदलाल आर्य और अवर अभियंता नहर वीर सिंह को निर्देश दिए कि मजबूती के साथ गड्ढे को बंद कराएं तथा डैम के अंदर जो स्रोत पैदा हो रहे हैं, उन्हें भी बंद किया जाए।
एसडीओ नंदलाल आर्य ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना हरिपुरा डैम को दे दी है, जिसकी वजह से डैम ने पानी भाखड़ा नदी में डिस्चार्ज नहीं किया है। रास्ते का पानी केवल डैम में आ रहा है। उन्होंने बताया कि मड पंप के जरिए भाखड़ा डैम के जलाशय में भरे पानी को बाहर निकालने का कार्य बृहस्पतिवार को करेंगे। वह मड पंप की व्यवस्था लखीमपुर खीरी या रायबरेली से लाने की कर रहे हैं।
पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने दूसरे दिन भी राहत कार्य में अपनी टीम के साथ मदद की। राज्यमंत्री के साथ ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, भाजपा नगर अध्यक्ष अंगनलाल राजपूत आदि मौजूद रहे। वहीं, बुधवार को पूरे दिन भाखड़ा डैम के गड्ढे को लेकर नगर और क्षेत्र में चर्चा चलती रही।
0000000
100 साल पुराने बंद लोहे के पुल पर भी दौड़ती रही जिंदगी, हादसे को दावत
बिलासपुर। डैम के पास करीब 100 साल पुराना लोहे का एक पुल है, जिसे पीडब्ल्यूडी ने जर्जर होने के कारण आवाजाही के लिए पहले ही बंद कर दिया था, लेकिन तमाशबीन इस डैमेज पुल पर भी बुधवार को पूरे दिन आते-जाते देखे गए। बुधवार सुबह से ही इस पुल पर लोगों की आवाजाही बदस्तूर चलती रही। बाद में पुलिस ने सख्ती कर आवाजाही बंद कराई। खस्ताहाल पुल पर लोगों का इस तरह जाना हादसे को दावत दे रहा था।
गड्ढे को देखने के लिए पूरे दिन डैम पर लोगों का हुजूम लगा रहा। कोतवाली पुलिस बार-बार लोगों को हटाती रही, लेकिन लोग फिर गड्ढे के पास पहुंच जाते। भाखड़ा डैम पर फोटो खींचने और वीडियो बनाने वाले लोगों में होड़ मची रही। कई युवक खतरनाक गड्ढे के किनारे खड़े होकर रील बनाते देखे गए।
भाखड़ा डैम के गड्ढे की मरम्मत के चलते तमाशबीनों के वाहन नैनीताल हाईवे पर डैम के पास खड़े रहे, वहीं अधिकारियों के वाहन भी वहीं खड़े थे। राहत कार्य में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी के नैनीताल हाईवे पर आने-जाने की वजह से नगर में नैनीताल हाईवे पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस जाम को खुलवाती रही, जिसकी वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवाद
0000
लोग बोले- वर्षों से नहीं हुई मरम्मत
स्थानीय लोगों में नहर विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह गड्ढा अचानक नहीं बना, बल्कि विभाग की वर्षों की अनदेखी का परिणाम है। डैम के किनारे सड़क की न तो समय पर मरम्मत हुई और न ही जल रिसाव को रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए। यदि पहले ही निरीक्षण कर लिया जाता तो दस मीटर से अधिक लंबा और पांच मीटर गहरा यह विशाल गड्ढा नहीं बनता। विभाग केवल लीपापोती में जुटा रहा और बड़े हादसे को न्योता देता रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें