रामपुर। वक्फ संशोधन बिल को लेकर धर्मगुरुओं के साथ डीएम-एसपी ने मंथन किया। इस दौरान अफसरों ने साफ कहा कि वक्फ बिल को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर पुलिस प्रशासन की नजर टिकी हुई है। इसलिए कोई भी गलत पोस्ट न करें। गलत पोस्ट करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
वक्फ बिल को लेकर पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार को धर्मगुरुओं के साथ अफसरों ने बैठक की। इस दौरान डीएम जोगिंदर सिंह ने कहा कि वक्फ संशोधन बिल को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही बिल के संबंध में किसी प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करें।
रामपुर आपसी भाईचारे का शहर है। इसलिए ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित हो तथा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
एसपी विद्या सागर मिश्र ने धर्मगुरुओं से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा वक्फ बिल के संबंध में लोगों को सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट शेयर करने से रोकें। भ्रामक पोस्ट से कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना रहता है इसलिए सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट शेयर न करें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर है और कानून एवं शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम व सीओ को भी निर्देशित किया कि धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक करें।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं ने जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व हेम सिंह, एडीएम प्रशासन डाॅ. नितिन मदान, एएसपी अतुल श्रीवास्तव, सभी एसडीएम, सीओ एवं धर्मगुरु उपस्थित रहे।