रामपुर। डीएम की ओर से गठित समिति ने शनिवार को दूसरे दिन भी अभियान चलाया। दो रेस्टोरेंट से आटे, ग्रेवी के सैंपल भरे। उधर फुटपाथ पर किए कब्जों को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।
अभियान की शुरुआत फोटो चुंगी से हुई। टीम ने यहां जायका होटल के सामने बने अवैध निर्माण को तोड़ा। साथ ही आटे और ग्रेवी के सैंपल भरे। इसके बाद टीम नैनीताल रोड होते हुए शौकत अली रोड पहुंची। यहां फुटपाथ में किए गए कब्जों और चबूतरों को तोड़ा गया। टीम को देखकर कई रेस्टोरेंट संचालक अपने-अपने शटर बंद कर भाग गए।
टीम ने दुकान के आगे बने अवैध निर्माण को तोड़ दिया। टीम ने करीम होटल से ग्रेवी के दो सैंपल भरे।
अतिक्रमण के दौरान मशीनें और भट्टियां जब्त की गईं। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सलीक राम, अतिक्रमण नोडल अधिकारी अविनाश, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र यादव, अशोक कुमार और धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।