टांडा। टांडा कोतवाली क्षेत्र के बादली स्थित एमके हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही और अस्पताल कर्मियों पर पथराव करने का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल सील कर दिया है। उधर स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को अस्पताल पर केस दर्ज करने के लिए तहरीर सौंपी है।
मुरादाबाद जनपद के थाना भगतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहोरनपुर निवासी अय्यूब ने अपनी पत्नी मेहनाज को बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे डिलीवरी के लिए इस अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मेहनाज ने पुत्र को जन्म दिया। आरोप है कि जन्म के दो से तीन घंटे बाद ही नवजात की हालत बिगड़ गई और मौत हो गई।
इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। डायल 112 और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।परिजनों का आरोप है कि हंगामे के दौरान अस्पताल कर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और पथराव भी किया।
अय्यूब की मां हसरती ने आरोप लगाया कि चिकित्सक की लापरवाही से नवजात की मौत हुई है। आरोपों के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने बताया कि जांच में एमके हॉस्पिटल अपंजीकृत पाया गया। टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। टांडा कोतवाली में अस्पताल के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। सीओ कीर्ति निधि आनंद ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच कर केस दर्ज किया जाएगा।