मुरादाबाद। प्रेम प्रसंग के चलते रात्रि में युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और निकाह कराने की जिद पर अड़ गई। सूचना पर युवती के परिजन युवक के घर पहुंच गए। जहां दोनों परिवारों के बीच जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। जहां संभ्रांत लोगों के बीच हुई वार्ता के बाद बनी सहमति पर दोनों का निकाह कर दिया गया।
मामला तहसील क्षेत्र के एक गांव का है। जहां शुक्रवार रात प्रेम प्रसंग के चलते युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और निकाह कराने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे युवक के परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने सूचना युवती के परिजनों को दी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। जहां युवक युवती के परिजनों में कहासुनी होने के साथ ही हंगामा शुरू हो गया। हंगामा होते देखकर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई।
ग्रामीणों ने सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों परिवारों को कोतवाली ले आई। शनिवार दोपहर तक दोनों पक्षों में वार्ता होती रही। तब गांव के संभ्रांत लोगों द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता कर निकाह के लिए सहमति बनाई। निकाह के लिए सहमति बन जाने पर दोनों पक्षों ने युवक-युवती का निकाह मुस्लिम रीति रिवाज से कर मामला निपटा दिया।