रामपुर। मिलक क्षेत्र के धमोरा गांव में 1.58 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रगति शापिंग मॉल के दुकानदारों का सपना सोमवार को सच हो गया। यहां के 43 दुकानदारों को राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने चाबी वितरित की। चाबी मिलने के बाद दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। इस मौके पर राज्यमंत्री ने जिले में अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह का शापिंग मॉल बनाने का आह्वान किया।
विकासखंड मिलक की ग्राम पंचायत धमौरा द्वारा स्ववित्तपोषित 1.58 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कराए गए शॉपिंग मॉल में बनाई गई दुकानों की चाबियों के वितरण का कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, डीएम जोगिंदर सिंह, एसपी विद्यासागर मिश्र और सीडीओ नंद किशोर कलाल द्वारा चाबी वितरित की गईं। राज्य मंत्री ने शॉपिंग मॉल को बनाने के लिए जिला प्रशासन व ग्राम पंचायत की सराहना की। कहा कि इस प्रकार के कार्य होने से ग्राम पंचायत आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत के रूप में विकसित होगी। पूरा प्रदेश भी इस प्रकार के मॉडल को अपनाए तो ग्राम पंचायतें सशक्त एवं मजबूत हो सकती हैं। कहा कि सरकार की यह प्राथमिकता है कि लोगों को रोजगार मिले तथा आवश्यक सुविधाएं दी जाएं, यह शॉपिंग मॉल अपने आप में एक मिसाल है। डीएम ने सीडीओ और डीपीआओ को निर्देश दिए कि जिले में अन्य ग्राम पंचायतों में भी इस प्रकार के शॉपिंग मॉल निर्मित कराए जाएं। दुकानों को बनाने में सरकार की कोई भी धनराशि व्यय नहीं हुई है इसलिए ग्राम पंचायत को सशक्त बनाने की यह एक शानदार पहल है। डीपीआरओ जाहिद हुसैन ने कहा कि यह शॉपिंग मॉल प्रदेश में प्रथम शॉपिंग मॉल के रूप में तैयार हुआ है तथा अन्य ग्राम पंचायतों में जहां पर जगह उपलब्ध है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गौतम गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। ब्लॉक प्रमुख मिलक अर्चना गंगवार, खंड विकास अधिकारी मिलक धीरेंद्र पाल चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।