रामपुर। शाहबाद क्षेत्र के तालकाबाद गांव के चौराहे पर वाहन चालक बेहोशी की हालत में एक युवक को उतारकर भाग गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रविवार को कोतवाली क्षेत्र के तालका बाद गांव के चौराहे रविवार को एक अज्ञात वाहन चालक पहुंचा और एक युवक को बेहोशी की हालत में उतार दिया। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे तब तक चालक वाहन को लेकर भाग गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात कांस्टेबल रेहान, नितिन और मोहित मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर बेहोश युवक को सीएचसी ले गए। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन नतीजा सिफर रहा। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया की बेहोश मिला युवक काली पैंट और हल्के हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए हैं।