रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर, स्वार, मिलक और शहबाद तहसील को फायर स्टेशन का तोहफा दिया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भवनों का उद्घाटन किया, जिसका लाइव प्रसारण किया गया।जिले में तहसीलों में फायर स्टेशन का निर्माण लंबे समय से चल रहा था, जो कि पूरा हो गया है। बृहस्पतिवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये शहर, मिलक, शाहबाद के आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा स्वार के अनावासीय भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख सांसद घनश्याम सिंह लोधी व शहर विधायक आकाश सक्सेना ने शिलापट का उद्घाटन किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल, अपर पुलिस अधीक्षक अतुल श्रीवास्तव एवम मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल मौजूद रहे।
-
शाहबाद में 9.47 करोड़ से बना फायर स्टेशन
शाहबाद। नगर के लक्खी बाग रोड स्थित अग्निशमन केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार पांडेय ने 9.47 करोड़ से बने आवासीय अग्निशमन केंद्र का लोकार्पण किया। सीओ कहा कि इस अग्निशमन केंद्र से क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं होने पर उन पर काबू पाने में आसानी होगी। लोकार्पण के समय अपराध निरीक्षक जसवीर सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, लीडिंग फायरमैन विजयपाल सिंह, चालक अरविंद कुमार, फायरमैन यतेंद्रपाल सिंह, अरविंद चौहान आदि मौजूद रहे।
-
रामपुर में 10 फीसदी कम हुए हादसे, एसपी सम्मानित
रामपुर। सड़क हादसों में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी की गिरावट आई है, जिसका श्रेय रामपुर पुलिस को मिला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की है। सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने भी कार्रवाई की है, जिस पर रामपुर पुलिस को सराहनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया है। एसपी राजेश द्विवेदी को शासन की ओर से प्रशस्ति पत्र दिया गया है।
एसपी ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान और यातायात माह के तहत विशेष अभियान चलाए गए। साथ ही लोगों को सुरक्षित सफर के टिप्स दिए गए हैं। जागरूकता अभियान चलाने में रामपुर पुलिस अव्वल रही, जिस पर शासन की ओर से सम्मानित किया गया है। बताया कि लोगों को काफी संख्या में हेलमेट भी बांटे गए हैं। शासन ने इस प्रयास की सराहना की है। इसी वजह से पिछले सालों के मुकाबले दस फीसदी हादसों में गिरावट आई है। संवाद