चालक भागा, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सैफनी। थाना क्षेत्र के सराय इमाम गांव निवासी 13 वर्षीय राहुल पुत्र केदार की सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार से टक्कर हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, राहुल शाहबाद-बिलारी रोड पर चल रहे एक शादी कार्यक्रम में भोजन करने जा रहा था। जैसे ही वह सड़क पार कर रहा था, शाहबाद की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और रौंद दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत की खबर सुनकर सदमे में आ गए। कार चालक घटना के बाद तेजी से मौके से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है और अज्ञात चालक की तलाश जारी है। परिजनों के घर मातम छा गया है।