मिलक। एक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। बुधवार को हुए इस हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी। दूसरे भाई ने बृहस्पतिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बृहस्पतिवार शाम को दोनों भाइयों की अर्थियां एक साथ उठीं, जिससे पूरे मोहल्ले में शोक छा गया। बशीर नगर निवासी 28 वर्षीय सर्वेश और 22 वर्षीय अरविंद बुधवार को बाइक से मीरगंज जा रहे थे। जालिफ नगला और क्योरार बाईपास के बीच पुलिस चेकिंग चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस को देखकर दोनों भाई घबरा गए और बाइक मोड़ दी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अरविंद को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार सुबह अरविंद ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अरविंद की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों भाइयों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
000000000000000
परिवार पर दुखों का पहाड़
मृतक सर्वेश की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी भी है। सर्वेश मीरगंज में इलेक्ट्रिक की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। छोटा भाई अरविंद अविवाहित था और मिलक के साप्ताहिक बाजार में एक दुकान पर काम करता था। एक ही घर से दो अर्थियां उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
000000000000000000000
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मृतक सर्वेश की पत्नी प्रीति ने तहरीर पर वाहन संख्या के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
000000000000000