ठाकुरद्वारा जा रहे शिवसैनिकों को पुलिस ने रोका
ठाकुरद्वारा जा रहे शिवसैनिकों को सोमवार की सुबह पुलिस ने बुधबाजार में रोक लिया। इसके बाद शिवसैनिकों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच नहीं होने पर शिवसैनिक आंदोलन करेंगे।
शिवसेना के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि सोमवार की सुबह वह समर्थकों के साथ ठाकुरद्वारा के गांव नारायणपुर छंगा जाने की तैयारी कर रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उनको बुध बाजार स्थित आवास पर समर्थकों के साथ रोक लिया। स्थानीय पुलिस का कहना था कि अभी ठाकुरद्वारा जाना ठीक नहीं है।
इस मामले में उन्होंने सीओ से वार्ता कर पुलिस के रोके जाने का कारण पूछा। बातचीत के बाद शिवसैनिकों ने एसपी ग्रामीण को पुलिस कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि ठाकुरद्वारा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने ठाकुरद्वारा में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से शिवसैनिकों ने दोषियों के खिलाफ कार्यवाही और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में जिला प्रमुख के साथ कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, पंकज पाल, दीपक, रिंकू, सुरेश सैनी, अशोक सैनी, शरद कपूर आदि मौजूद थे।
कैसे होगी निष्पक्ष जांच, जनप्रतिनिधियों को रोका जा रहा : सपा
समाजवादी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष नवीन कुमार यादव ने कहा है कि रविवार को पार्टी की सांसद रुचि वीरा को पुलिस प्रशासन ने गांव में नहीं जाने दिया। इससे गांव के लोग जनप्रतिनिधियों के सामने अपनी बात नहीं रख सके। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच कर न्याय देने की मांग नवीन यादव ने की है। वहीं कहा है कि पार्टी हाई कमान का प्रतिनिधिमंडल भी नारायणपुर छंगा आ सकता है।