टांडा। एक किशोरी का शव बुधवार रात घर में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत नवाब नगर के मझरा मिट्ठू नगर में 17 वर्षीय किशोरी तराना का अपनी बहन से किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था। मां के डांटने पर वह नाराज होकर नीचे कमरे में चली गई। परिवार के अन्य सदस्य छत पर थे। बाद में कमरे में तराना का शव पंखे से लटका मिला। मृतका के पिता रामनगर उत्तराखंड में मजदूरी करते हैं। परिवार में पांच बहनें व दो भाई हैं। भाई विदेश में रोजगार करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल टांडा संदीप मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। परिजनों ने कोई भी पुलिस कार्रवाई करने से मना कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद