मिलक। मिलक तहसील क्षेत्र के ग्राम अशोकपुर में एक धार्मिक स्थल के निर्माण को लेकर विवाद होने पर प्रशासन सक्रिय हो गया है। गांव निवासी युवक ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर कथित अवैध निर्माण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले से मौजूद छोटे धार्मिक स्थल को को तोड़कर उसका विस्तार किया जा रहा है और निर्धारित सीमा से अधिक भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थल का निरीक्षण कर फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया। कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है और राजस्व विभाग अभिलेखों एवं भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि जांच पूरी होने तक स्थिति पर नजर रखी जाएगी और किसी भी पक्ष को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।