रामपुर। जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शनिवार को सेमीफाइनल व फाइनल मैच खेले गए। जिसमें फाइनल मैच में स्टेडियम की टीम ने अरबेन क्लब को पेनल्टी कार्नर से दागे एक गोल की बदौलत मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
सींगनखेड़ा स्थित नवनिर्मित एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में चल रही प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले हामिद अकादमी, स्टेडियम, अरबेन क्लब और चैंपियंस क्लब के बीच खेले गए। जिसमें स्टेडियम और हामिद अकादमी के बीच हुए मुकाबले में स्टेडियम की टीम ने हामिद अकादमी को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में अरबेन क्लब के अजय कुमार ने खेल के 59वें मिनट में गोल दागकर टीम को चैंपियंस क्लब की टीम पर 1-0 से जीत दिलाई। फाइनल मुकाबला अरबेन क्लब और स्टेडियम की टीम के बीच हुआ। जिसमें अंतिम क्षणों में पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर स्टेडियम की टीम ने जीत दर्ज की। मैच में निर्णायक फहीम कुरैशी और नागेंद्र रहे। मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया गया।