रामपुर।बिजली विभाग की लापरवाही से मोहल्लों के लोग आजिज हो चुके हैं। शुक्रवार को बिजली विभाग की टीम ने तीतरवाली पाकड़ मोहल्ला में एक खंभा लगाया। जबकि पुराने खंभे से सभी तार काट दिए हैं। आरोप है कि अब मोहल्ले के लोगों से चंदा करके तार मंगाने को कहा गया है। इसके लिए मोहल्ले के लोग डीएम कार्यालय पर पहुंचे, लेकिन उनके न मिलने पर वापस लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि इस समय 13 परिवार अंधेरे में डूबे हुए हैं।
सुबह करीब 10 बजे के आसपास मोहल्ला तीतरवाली पाकड़ में बिजली कर्मियों ने पुराना खंभा हटाकर नया खंभा लगाया है। जबकि पुुराने खंभे से तार भी काट दिए, जिससे सभी घरों की सप्लाई चली गयी। इसके बाद जब मोहल्ले के लोगों ने विरोध जताया तो बिजली कर्मियों का कहना था कि वह लोग चंदा करके रुपया इकट्ठा करें और तार मंगवा ले, जिसके बाद उनकी सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी। इसके बाद जब लोगों ने विरोध किया तो टीम ने उनको पुलिस का भय दिखाकर अपना काम करने के लिए चेतावनी दी। इसके बाद शाम को मोहल्ले के लोग इकट्ठा होकर डीएम कार्यालय पर पहुंचे। इस दौरान यहां डीएम के न मिलने पर वह लोग वापस लौट आए हैं। उनका कहना है कि रमजान के मौके पर उनके घरों में अंधेरा पड़ा हुआ है। बिजली कर्मी उनके घरों के तार काटकर चले गए हैं। उन्होंने सुबह डीएम से मिलने के लिए कहा है। इस अवसर पर छोटे अली, अजीम, गुड्डू, शम्मो, रेहाना बेगम, सुहाना आदि मौजूद रहे।