मिलक/शाहबाद/रामपुर। जिले भर के स्कूलों में सोमवार को शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देकर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
मिलक के हेरिटेज चिल्ड्रेन एकेडमी में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन कर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रंद्धाजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्या डॉ. रीना दुबे ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला। साथ ही शिक्षक के महत्व को बताते हुए कहा कि एक शिक्षक पूरी दुनिया को बदल सकता है। प्रबंधक मनोज कुमार पांडे और स्कूल संस्थापक गंगाशंकर पांडे ने विद्यार्थियों को शिक्षा और शिक्षक के महत्व को समझाया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कोऑर्डिनेटर एलआर कुशवाहा समेत समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
रामपुर नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किला में शिक्षक दिवस मनाते हुए प्रधानाचार्य ने डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर फूल मालाएं पहनाकर नमन किया। इसके बाद छात्राओं ने शिक्षिकाओं को उपहार भेंट किए। इस मौके पर डॉ. गीता सैनी, सुमरनी देवी, सविता सक्सेना, ज्योति सिंह, पारुल गोयल, मनोज कुमार, राजकमल शर्मा, मुस्कान, साहिबा नूर, कोमल आदि मौजूद रहे।
नगर स्थित मदरसा जमीअत उल अंसार अस्तबल रोड थाना गंज में भी शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार भेंट किए। इस मौके पर मदरसा प्रबंधक खालिद हसन अंसारी ने कहा कि शिक्षकबच्चों की सलाहियतों को उभारने और उन्हें कामयाब बनाने के लिए हमेशा कोशिशें करते हैं। इस दौरान ताहिर अंजुम, मौलाना आरिफ जमाली आदि मौजूद रहे।
शाहबाद में भी शिक्षक दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। डॉ. सर्वपल्ली राधा कृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बाद में शिक्षक दिवस के मौके पर सभी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हरद्वारी सिंह को सम्मानित किया। इसी क्रम में कस्बे के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शबनम जहां उस्मानी के नेतृत्व में शिक्षक दिवस के मौके पर कार्यक्रम हुए।
रामपुर नगर के फर्स्ट इंप्रेशन पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया।बच्चों द्वारा मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें विभन्न प्रकार की प्रतियोगिता म्यूजिकल चेयर,नृत्य, गायन और नाटक प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस दौरान प्रबंधक अतुल सिंह, प्रधानाचार्या अनुसुइया डिमरी, राखी सिंह, चांदनी श्रीवास्तव, वंदना डिमरी, प्रियंका यादव, शोभा रानी, राजकुमारी प्रजापति, चंचल, कुमकुम, नेहा दिवाकर, मुस्कान खान, भावना चौहान, प्रीति आदि उपस्थित रहे।