मस्जिद की भूमि पर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए मस्जिद कोहना कमेटी के समर्थकों ने चेयरमैन समर्थक सभासद के घर धावा बोलकर तोड़फोड़ और पथराव किया। सभासद पति ने घर का दरवाजा बंदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। करीब एक डेढ़ घंटे तक बवाल चलता रहा। इधर, विवादित जमीन की पैमाइश करके हदबंदी करने पहुंची तहसील की टीम का भी विरोध किया गया। तमाम महिलाएं सड़क पर आ गईं और विरोध किया। पुलिस ने महिलाओं को डंडे फटकर कर वहां से हटाया।
नगर में बुधवार की दोपहर शासन के आदेश पर मस्जिद कोहना की आराजी में शामिल सरकारी भूमि को निकलवाने का काम चल रहा था। इस बीच सूचना मिली कि पालिकाध्यक्ष शाहाबुद्दीन के प्रतिनिधि तथा सभासद पति मकसूद लाल के घर पर मस्जिद कोहना कमेटी के कुछ समर्थकों ने भारी संख्या में चढ़ाई कर दी। भीड़ ने पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। सभासद पति ने अपनी दुकान तथा घर का गेट बंदकर किसी तरह जान बचाई। घटना की सूचना होने पर सभासद समर्थक तथा पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक हंगामा चला। पुलिस ने डंडे चलाकर भीड़ को तितर-बितर किया।
वहीं नापजोख कर रही तहसील की टीम का महिलाओं ने विरोध किया। पुलिस और तहसील की टीम से महिलाओं की नोकझोंक हुई। महिलाएं सड़क पर बैठकर हंगामा करने लगीं। पुलिस ने डंडे फटकार कर महिलाओं को वहां से हटाया।