स्वार। खैर प्रकाष्ठ तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों व एक वाहन को कथित रूप से छोड़े जाने के आरोप में स्वार रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी विजय कुमार सिंह गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्य वन संरक्षक रुहेलखंड की जांच रिपोर्ट के आधार पर पीसीसीएफ सुनील चौधरी ने यह कार्रवाई की है।
17 फरवरी को वन टीम ने पंजाब के शंभू रजपुरा से खैर लकड़ी से लदा ट्रक, दो कार और दो मोटरसाइकिल सहित चार तस्करों को पकड़ा था। सोनीपत टोल पर एक कार क्षतिग्रस्त होने के कारण वहीं छोड़नी पड़ी। शेष वाहनों और अभियुक्तों को स्वार रेंज लाया गया।
रेंजर गौतम ने 18 फरवरी को मिलक खानम थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें केवल चार अभियुक्त, एक ट्रक और दो मोटरसाइकिल का उल्लेख किया गया, जबकि पूछताछ में छह अभियुक्तों के नाम सामने आए थे। डीएफओ के औचक निरीक्षण में पाया कि बिना उच्च अधिकारियों को सूचना दिए दो अभियुक्तों और एक कार को छोड़ दिया गया। वन दरोगा और वनरक्षक ने इसकी लिखित पुष्टि की, लेकिन रेंजर ने कोई संतोषजनक जवाब या अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए।
पीसीसीएफ सुनील चौधरी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर स्वार रेंजर विजय कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें वन संरक्षक, मुरादाबाद वृत्त के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।