रामपुर। प्रॉविडेंट फंड घोटाले के विरोध में बिजली अफसरों के आंदोलन के बाद अब अवर अभियंताओं एवं कार्यालय सहायकों ने हड़ताल शुरु कर दी है। इसको लेकर सभी अवर अभियंताओं ने कामकाज बंद कर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। नारेबाजी की। बाद में उन्होंने प्रॉविडेंट फंड की राशि की सुरक्षा गारंटी के लिए राजाज्ञा जारी करने की मांग की।
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत बुधवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के बैनर तले अवर अभियंता सिविल लाइंस बिजलीघर पर एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ने कहा कि सरकार ने गलत तरीके से गलत कंपनी में निवेश किया है। इसी वजह से कर्मचारियों के पीएफ की राशि में बड़ा घोटाला किया गया। कहा कि सरकार भविष्य निधि की राशि को सुरक्षित करने के लिए राजाज्ञा जारी करे। साथ ही विभिन्न ट्रस्टों में सिंचित धनराशि रखने के लिए श्वेत पत्र जारी किया जाए। साथ ही उन्होंने बोर्ड ऑफ ट्रस्ट का विधिसम्मत पुनर्गठन कर पारदर्शी संचालन करने की मांग की है। पीएफ की राशि को विभाग की वेबसाइट पर अपडेट किया जाए। इस मौके पर विजय प्रताप सिंह, लोकेश कुमार, राहुल रंजन, कमरूज्जमा आसिफ, भूपेंद्र कुमार शर्मा, विश्वनाथ प्रसाद, अमित सैनी, निरंजन गुप्ता, योगेश माहौर, अजय यादव, अखिलेश कुमार, कामिनी कौशल, विनोद कुमार, ऋषिकांत गौड्र ज्योति, मंजूर आलम आदि उपस्थित रहे।