मंगलवार की रात में आए तेज आंधी और बारिश के साथ गिरे ओलों ने रामपुर जिले में बड़ी तबाही मचाई। पेड़ टूटकर घर, सड़क, आफिसों में गिरे। कमजोर दीवारें टूट गईं। जिले भर में बिजली की लाइनें ध्वस्त हो गईं।
अकेले विद्युत विभाग को प्रारंभिक आकलन में करीब 40 लाख रुपया का नुकसान हुआ है। आम की फसल की बड़ी तबाही हुई है। पंद्रह फीसदी आम की फसल चौपट हो गई जिसमें करीब 35 हजार कुंतल आम के नुकसान की बात कही जा रही है।
पेड़ों से गिरकर फटी अमिया किसी काम की नहीं बची। ओले से खरबूजा और तरबूज की फसल को भी बड़ी हानि पहुंची है। ओले गिरने से खरबूजा और तरबूज फट गए। शहर की गलियों में नालियां चोक होने से कुछ जगह सुबह के समय जलभराव भी रहा।
सड़कों पर पेड़ गिरने से रास्ते जाम हुए। शहर रामपुर में ज्वालानगर की ओर जाने वाले राम रहीम पुल के ऊपर एक पेड़ टूटकर गिर गया था। भारी भरकम पेड़ की वजह से बुधवार को दोपहर तक पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद रहा।
दूसरे रास्तों से लोग घूमकर निकले। इससे जाम में भी लोगों को जूझना पड़ा। राम रहीम पुल पर पेड़ गिरने से शौकत अली रोड पर भी जाम से लोगों को जूझना पड़ा। सिविल लाइंस से शाहबाद गेट की ओर आने वाले लोगों को रास्ता बदलकर जौहर अली रोड सहित अन्य मार्गों से घूमकर निकलना पड़ा।