रामपुर। बृहस्पतिवार देर शाम रामपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और बहन समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर अजीमनगर और स्वार कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के चलते रामपुर-बाजपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया।
यह हादसा अजीमनगर और स्वार कोतवाली की सीमा पर स्थित खेमपुर-रसूलपुर के बीच हुआ। बृहस्पतिवार की शाम मुरादाबाद के नवाबपुरा निवासी इमरान अपनी पत्नी (22) जैनब और साली जीनत के साथ बाइक से स्वार स्थित हवाई अड्डा रेस्टोरेंट में घूमने के लिए आए थे। रात लगभग 9 बजे घर जाते समय स्वार रामपुर स्थित नया पसियापुरा की आबादी के सामने तेजगति से डंपर गुजरा और सामने से चालक ने इमरान समेत दो लोगों की बाइकों को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना में जैनब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरान व उसकी साली जीनत के अलावा दूसरी बाइक पर सवार उस्मान निवासी मोहल्ला काशीपुर स्वार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।