रामपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मौके पर रामपुर को राममय बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिले के 83 मंदिरों को झालरों से सजाया जाएगा। साथ ही मंदिरों व सार्वजनिक स्थानों पर एलईडी के जरिये प्राण प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए जल्द ही शासन से जिले में नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। 22 जनवरी को पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ रामोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर से भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को इसके लिए कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। डीएम ने कहा कि 14 जनवरी को मुख्यमंत्री अयोध्या से स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे और इसके साथ ही जिले में ग्राम पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्र के साथ सरकारी कार्यालयों में सफाई अभियान शुरू किया जाएगा।
जनपद स्तर पर रामपुर शहर स्थित वाल्मीकि मंदिर क्षेत्र से जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान का आगाज होगा। जिले में श्रीराममंदिर, श्रीहनुमान मंदिर एवं महर्षि वाल्मीकि मंदिर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में 53 तथा शहरी क्षेत्र के 30 सहित कुल 83 मंदिर चिह्नित किए गए हैं, जिनके आसपास विशेष सफाई अभियान चलेगा। साथ ही 16 से 22 जनवरी तक मंदिरों को फूलमाला और आकर्षक लाइटों से सजाया जाएगा। 22 जनवरी को मंदिरों पर एलईडी के जरिये अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा जिले के भीड़भाड़ वाले 50 स्थानों पर भी एलईडी स्क्रीन के जरिये कार्यक्रम का प्रसारण होगा।
-
22 को कंबल के साथ बांटे जाएंगे गर्म कपड़े
22 जनवरी को चिह्नित मंदिरों पर कंबल वितरण, ऊनी वस्त्रों का वितरण एवं भंडारे की व्यवस्था होगी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि स्वयंसेवी संस्थाएं स्वैच्छिक रूप से संबंधित अधिशासी अधिकारी कार्यालय अथवा ब्लॉक कार्यालय में ऊनी वस्त्र दान कर सकती हैं। इन वस्त्रों को 22 जनवरी को गरीब एवं जरूरतमंद लोगों में वितरित कराया जाएगा।
-
सरकारी कार्यालयों में जलेंगे दीपक, होगी आतिशबाजी
डीएम ने बताया कि 22 जनवरी को दिवाली जैसा माहौल रहेगा। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ सरकारी विद्यालयों में भी सजावट व दीप जलाने के कार्यक्रम आयोजित होंगे। लोग आतिशबाजी भी कर सकेंगे। आतिशबाजी की बिक्री करने वाले लोगों को संबंधित एसडीएम द्वारा नियमानुसार अनुमति प्रदान की जाएगी। आतिशबाजी की बिक्री में किसी भी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो। 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे। इसके लिए डीएम ने एएसपी अतुल श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि प्रमुख मंदिरों पर होने वाले कार्यक्रम एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित करें।