रामपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को निर्वाचक नामावली में शामिल किया जाएगा। इसके लिए 17 और 24 अक्तूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कैंप लगेंगे। इच्छुक नागरिक नवीनतम फोटो और जन्मतिथि व निवास संबंधी अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 बीएलओ या कार्यालयों से मिलेंगे। ऑनलाइन आवेदन भी संभव है। संवाद