रामपुर। शहर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पांचवे दिन शुक्रवार को भी जारी रही, लेकिन कोई नामांकन दाखिल नहीं हो सका। अधिकारी प्रत्याशियों के आने का इंतजार करते रहे। हालांकि, भाजपा जिलाध्यक्ष और सांसद आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा ने अपनी-अपनी पार्टी के नाम से नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा पांच लोगों ने और नामांकन पत्र खरीदे हैं। इस दौरान कलक्ट्रेट से लेकर वहां जाने वाले सभी मार्गों की भी बैरिकेडिंग की गई थी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
आजम खां के सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। तभी से शहर विधानसभा सीट रिक्त है। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों के साथ ही विधानसभा की रिक्त सीटों पर भी चुनाव का एलान कर दिया है। इसके तहत रामपुर में 21 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि 24 अक्तूबर को मतगणना होगी। इस बावत 23 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई, जो शुक्रवार को भी जारी रही। यह प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन प्रक्रिया शुरू हुए पांच दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक किसी ने भी नामांकन नहीं कराया। पांचवें दिन भी अधिकारी जिलाधिकारी न्यायालय में प्रत्याशियों का इंतजाम करते हुए दिखाई दिए। हालांकि, सांसद आजम खां की पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा ने सपा के नाम से नामांकन पत्र खरीदा। सपा के नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने भी पार्टी के नाम ही नामांकन पत्र खरीद लिया। दोनों ने तीन तीन सेट लिए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने भी अपनी पार्टी के नाम से नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा भाजपा नेता भारत भूषण गुप्ता, दीपा, फरहत अली खां ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदे हैं। हालांकि, भाजपा और सपा की ओर से अब तक प्रत्याशियों के नाम का एलान नहीं किया गया है। इस दौरान कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स तैनात रही।