आग न बुझाने पर नगर पालिका परिसर में कचरा डालने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। शहर के पहाड़ी गेट के पास स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में जल रहे कचरे से उठ रहे धुएं से परेशान लोगों ने शनिवार की रात नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो ट्रंचिंग ग्राउंड का कचरा नगर पालिका परिसर में डाला जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला महासचिव बाबर खां और जिला मीडिया प्रभारी अब्दुल रज्जाक खां ने बताया कि रात करीब नौ बजे बिलासपुर गेट स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में कचरे में लगी आग से उठ रहा धुआं लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बिलासपुर गेट से पहाड़ी गेट तक धुएं के कारण पैदल चलने वालों को भी दिक्कत हो रही है।
धुआं घेर तोंगा, घेर बाज खां, बिलासपुर गेट, पंखों वालन समेत आसपास के इलाकों में फैल रहा है, जिससे बच्चों सहित लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि लगातार धुएं के कारण जिला संगठन मंत्री की हालत बिगड़ गई, सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी। साथ ही कहा कि अगर आग पर काबू नहीं पाया गया तो 21 जनवरी को संगठन के पदाधिकारी सारा कचरा नगर पालिका परिसर में डालेंगे, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी।