बिजली के मीटर लगाने में लापरवाही, छह हजार आवेदन लंबित
अधिशासी अभियंता मीटर डायरेक्टर कॉमर्शियल को लिखा पत्र अब अधीक्षण अभियंता के स्तर पर शुरू की जा रही कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में अनमीटर्ड उपभोक्ताओं के मीटर लगाने में लापरवाही की जा रही है, इसके बाद अधिशासी अभियंता परीक्षण खंड ने डायरेक्टर कॉमर्शियल को कंपनी की खराब प्रगति के बारे में लिखा है। साथ ही अधीक्षण अभियंता के स्तर पर भी कंपनी को ब्लैकलिस्टेड कराने की कार्रवाई शुरु कर दी गई है।
जिले में बिजली विभाग की ओर से अनमीटर्ड उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाए जा रहे हैं। करीब 38 हजार उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने का काम पहले ही हो चुका है, जबकि दस हजार उपभोक्ताओं के मीटर लगाने का काम पॉलीफ्लेक्स को दिया गया था। कंपनी ने अब तक महज 3800 उपभोक्ताओं के यहां ही मीटर लगाए हैं। बिजली अफसरों के तमाम पत्राचार एवं सख्ती के बाद भी कंपनी की ओर से मीटर लगाने का कार्य नहीं किया जा रहा है। ऐसे में अधिशासी अभियंता परीक्षण खंड आशाराम ने इस बावत डायरेक्टर कॉमर्शियल को कंपनी की खराब प्रगति के बारे में पत्र लिख दिया। साथ ही अधीक्षण अभियंता को भी मामले की जानकारी दे दी। ऐसे में अब अधीक्षण अभियंता की ओर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, मीटर लगाने का काम स्थानीय स्तर पर ही कराना शुरु कर दिया है।
कोट
पॉलीफ्लेक्स की ओर से मीटर लगाने का कार्य गंभीरतापूर्वक नहीं किया जा रहा है। दस हजार में सिर्फ 3800 उपभोक्ताओं के घरों पर ही मीटर लगाए गए हैं। कई बार पत्राचार भी किया, लेकिन कंपनी का रवैया नहीं बदला। अब कंपनी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। -संजय कुुमार गर्ग, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, रामपुर।