टांडा। बारिश के बीच ग्राउंड गीला होने के कारण कई दिन से स्थगित चल रही यंगमैन फुटबाल लीग के मुकाबले बृहस्पतिवार को फिर शुरू हुए। मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शाही अरमान क्लब ने स्ट्राइकर फ्लोकन क्लब को 2-1 गोल के अंतर से हराकर दो अंक हासिल किए।
मैच के पहले हाफ से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। 17वें मिनट में शाही अरमान क्लब के सेंटर फारवर्ड जियान ने शानदार किक से गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
पहले हाफ का खेल समाप्त होने तक शाही अरमान 1-0 से आगे रहा। दूसरे हाफ में स्ट्राइकर फ्लोकन ने बराबरी के लिए आक्रामक खेल दिखाया। 40वें मिनट में स्ट्राइकर फ्लोकन के खिलाड़ी जुबैर आलम ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 52वें मिनट में शाही अरमान क्लब के मोहम्मद मारूफ ने उबैस प्रिंस के पास पर गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद स्ट्राइकर फ्लोकन के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन शाही अरमान के गोलकीपर जहीर जिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन बेहतरीन बचाव किए। उनके प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। अंतिम सीटी तक शाही अरमान ने 2-1 से जीत दर्ज कर दो अंक अपने नाम किए।
इस दौरान मोहम्मद सईद सागर, अब्दुल रज्जाक, उबैस प्रिंस, शाहबुद्दीन, जुबैर आलम, राहत अली, ताहिर बफन, शाहरुख कुरैशी आदि मौजूद रहे। लीग में शुक्रवार को अलनसर क्लब और मिकरानी क्लब के बीच मुकाबला होगा।