लाउडस्पीकर से सहरी-इफ्तार के समय का एनाउंसमेंट करने को लेकर दो समुदाय में हुए विवाद में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उधर, गांव में तनाव की स्थित को देखते हुए पुलिस सतर्क है। पुलिस ने गांव में गश्त भी की। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
यह मामला सैदनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के मानकपुर बंजरिया गांव का है। गांव में मदरसा परिसर में स्थित मस्जिद से रविवार की शाम को इफ्तार के समय लाउडस्पीकर से अजान दी गई थी, जिसका गांव के दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी थी। जानकारी पर कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ग्राम में पहुंची थी। पुलिस ने यहां से तनाव को देखते हुए मुरादाबाद के मूंढ़ापांडे क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया निवासी मौलाना मोहम्मद रफी, ग्राम मानकपुर बंजरिया निवासी रिजवान, अजीज, शौकीन, शराफत, शफी व यूसुफ को अपने साथ ले आई थी। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार करते हुए सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किया। मामला दो समुदाय के बीच का होने के कारण गांव में तनावपूर्ण शांति है। जिसके चलते पुलिस लगातार ग्राम में गश्त कर रही है।
सीओ कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि इस मस्जिद से लाउडस्पीकर के जरिए अजान नहीं होती थी, लेकिन रविवार को लाउडस्पीकर के जरिए अजान हुई तो इसका कुछ लोगों ने विरोध किया। मामले में सात लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया कि गांव में पूरी तरह शांति है।