नए साल से सिर्फ सेट टॉप बॉक्स वाले उपभोक्ता ही केबल टीवी का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए शहर में हेथवे और डेन कंपनी की ओर से सेट टॉप बॉक्स लगाए जा रहे हैं। सेट टॉप बॉक्स के मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायत पर सोमवार को केबल ऑपरेटरों और प्रशासन की मीटिंग हुई।
सेट टॉप बॉक्स का मूल्य 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। 31 दिसंबर तक हर हाल में सभी उपभोक्ताओं की ओर से सेट टॉप बॉक्स लगवाने के लिए कहा गया है। शहर में करीब 17 हजार केबल टीवी उपभोक्ता हैं। ये उपभोक्ता अब सेट टॉप बॉक्स के जरिए ही टीवी चैनल देख सकेंगे।
इसके लिए पिछले कई दिनों से डेन और हेेथवे केबल ऑपरेटर कंपनियों की ओर से नगर में सेट टॉप बॉक्स लगाए जा रहे हैं। सेट टॉप बॉक्स लगाए जाने के दौरान मनमाने दाम वसूलने की बात सामने आई। इसका दाम 15 सौ रुपये निर्धारित किया गया था।
सेट टॉप बॉक्स लगाए जाने और इसके मूल्य को लेकर सोमवार को एडीएम एमपी सिंह ने केबल ऑपरेटर के साथ मीटिंग की। सेट टॉप बॉक्स का दाम 15 सौ रुपये निर्धारित किया गया है। डेन कंपनी की ओर से मीटिंग में शामिल हुए केबल ऑपरेटर नईम अहमद ने बताया कि एक जनवरी से सिर्फ सेट टॉप बॉक्स के माध्यम से ही केबल पर टीवी चैनल प्रसारित हो सकेंगे।
इसलिए सभी उपभोक्ताओं को सेट टॉप बॉक्स लगवाना अनिवार्य है। नईम अहमद ने बताया कि अभी तक डेन व हेथवे दोनों कंपनियों से करीब आठ हजार सेट टॉप बॉक्स लगाए जा चुके है। डेन की ओर से जनवरी माह तक डेढ़ सौ रुपये प्रतिमाह में करीब दो सौ चैनल दिखाए जाएंगे। जनवरी माह में ही यह शुल्क पुन: निर्धारण किया जाएगा।