रामपुर। जिला अस्पताल में सुबह पर्चा काउंटर की कनेक्टिविटी ठप होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह साढ़े आठ बजे सर्वर में खराबी आने के बाद पर्चा बनना बंद हो गया। करीब दो घंटे तक कनेक्टिविटी ठप रहने से नए मरीजों का पंजीकरण नहीं हो सका। साढ़े दस बजे सर्वर ठीक होने के बाद पर्चे बनने शुरू हुए।
भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। सर्वर बंद होने के कारण महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे लाइन में खड़े होकर परेशान होते रहे। कई मरीजों का पर्चा देर से बनने के कारण डॉक्टरों की ओपीडी का समय निकल गया और उन्हें बिना इलाज कराए लौटना पड़ा।
अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि इन दिनों रोजाना औसतन 800 की ओपीडी हो रही है। बढ़ती भीड़ और सीमित काउंटरों के चलते मरीजों को संभालना मुश्किल हो रहा है। इस दौरान पर्चा काउंटर पर लंबी लाइनों में लगे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
मरीजों में शबाना, अशरफ और मिस्कीन ने बताया कि गर्मी और भीड़ के कारण अस्पताल में हालात खराब हो रहे हैं। लंबे समय तक सर्वर बंद रहने से लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। मरीजों ने कहा कि सर्वर खराब होने की स्थिति में मैनुअल पर्चा व्यवस्था शुरू की जानी चाहिए, ताकि मरीजों का समय पर इलाज हो सके और उन्हें बिना उपचार लौटना न पड़े।
सीएमएस डॉ. बीसी सक्सेना ने बताया कि सुबह कुछ समय के लिए सर्वर में तकनीकी दिक्कत आई थी, जिससे पंजीकरण प्रभावित हुआ। कुछ समय बाद समस्या ठीक होने के बाद पर्चे दोबारा बनाए गए।