आवास विकास कॉलोनी में हिंदू सम्मेलन को किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय मार्गदर्शन मंडल की सदस्य साध्वी प्राची ने कहा कि हम सभी को गर्व से कहना होगा कि हिंदुस्तान हमारा है। जाति-पाति को छोड़कर एकजुट होना होगा, तभी देश और संस्कृति की रक्षा संभव है।
रविवार को आवास विकास स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित हिंदू सम्मेलन में साध्वी प्राची ने कहा कि संवेदनाएं, संस्कार और सभ्यता को बचाने के लिए सामाजिक समरसता जरूरी है। नारी शक्ति और युवा वर्ग को विशेष रूप से जागृत होने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवी-देवताओं का वास होता है। राम और कृष्ण चाहिए तो पहले कौशल्या और यशोदा बनना होगा।
मुख्य वक्ता धर्म जागरण समन्वयक मेरठ प्रांत के प्रांत संयोजक धर्मेंद्र ने भारत को परम वैभवशाली देश बताते हुए आरएसएस की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। विशेष वक्ता रवि ने कुटुंब प्रबोधन, पारिवारिक एकता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया। विवेक अग्रवाल ने कार्यक्रम की भूमिका रखी।
इससे पूर्व सरस्वती शिशु मंदिर और आनंद कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरके सिन्हा ने की और संचालन रविंद्र कुमार गुप्ता ने किया।
आरएसएस के सौ वर्ष पूर्ण होने पर प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें संघ यात्रा, धर्म जागरण, पर्यावरण संरक्षण, गौ सेवा, ग्राम विकास और समरसता को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में अंशुल वैश्य, डॉ. पीके वार्ष्णेय, विनय गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।