सुंदर सजी साईं बाबा की पालकी के साथ कलश यात्रा ने मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री रामकथा महोत्सव की शुरुआत से पहले श्रद्धालुओं की ओर से साईं पालकी व कलश यात्रा का आयोजन किया गया। साईं पालकी और कलश यात्रा का कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद कथा स्थल पर साईं संध्या का आयोजन किया गया।
इसमें साईं बाबा के भजनों पर श्रद्धालु थिरकते रहे। श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ समिति की ओर से आठवें श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें रविवार को श्री साईं पालकी और कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद कलश यात्रा और साईं पालकी एलआईसी रोड से शौकत अली रोड होते हुए कथा स्थल तक पहुंची।
इस दौरान मार्ग में कई स्थानों पर हिंदू संगठनों व श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा व श्री साईं पालकी का स्वागत किया गया। साईं बाबा और प्रभु श्रीराम के जयघोष लगाए गए। कलश यात्रा व श्री साईं पालकी के कथा स्थल पर पहुंचने पर कथा व्यास पंडित कृष्णा स्वामी महाराज ने मंत्रोच्चारण के साथ कथा स्थल में प्रवेश किया।
इसके बाद साईं संध्या में भजन गायक रामश्याम ने साईं बाबा के सुंदर भजन प्रस्तुत किए। जिसमें सबसे अधिक दीवाना तेरा आया बाबा तेरी शिरडी पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूब गए। इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया। सोमवार से श्रीराम कथा की अमृतवर्षा शुरू होगी।
इस दौरान संजीव सक्सेना, राजीव सक्सेना, अनुपम मिश्रा, नवनीत सक्सेना, किशोर कुमार, प्रदीप सक्सेना, राजकुमार गुप्ता, धर्मवीर सिंह, शानू, हरकिशन सिंह, नबीता सक्सेना, कविता, अर्चना, बीना, मीनू शर्मा, मूर्ति चौहान, कुसुुम, आस्था, सेजल, सीमा आदि मौजूद रहे।