रामपुर। जिले में ग्रामीण इलाकों की नौ सड़कों की दशा सुधरेगी। विशेष मरम्मत और नवीनीकरण के तहत शासन ने सड़कों को मंजूरी मिल गई है। सड़कों के नवीनीकरण व मरम्मत पर करीब 1.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ताकि, जल्द से जल्द सड़कों का निर्माण शुरू हो सके।
रामपुर के ग्रामीण इलाकों की सड़कों की दशा बदहाल है। गहरे-गहरे गड्ढों के साथ ही सड़कों पर फैली बजरी आए दिन हादसों का कारण बन जाती है। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कतें होती हैं। खासकर, बरसात के दिनों में ज्यादा दिक्कतें होती हैं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की ओर से ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। 1.36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के प्रस्ताव पर शासन की मुहर लग गई है। लिहाजा, विभागीय स्तर पर भी सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड हेमंत कुमार ने बताया कि शासन से सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही सड़कों पर काम शुरूकरा दिया जाएगा।
इन सड़कों का होगा निर्माण
शाहबाद-ढकिया-आसफपुर मार्ग से मीरापुर मार्ग
पटवाई-मिलक मार्ग से ढोहरिया मार्ग
पटिया परम कूप से प्रानपुर मार्ग
पटिया परम मोहनपुर से दुआवट मार्ग
मझरा-रामनगर मार्ग
अहमदनगर-जहांगीर मार्ग
खैरूल्लापुर से पीपल गांव तक मार्ग निर्माण
जिठनिया से मनुनागर मार्ग का निर्माण
कांठ पुल से इंड्री होते हुए इंड्रा तक मार्ग का निर्माण
करीब 20 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
रामपुर। सड़कों का निर्माण होने के बाद ग्रामीण इलाकों की करीब 20 हजार आबादी को सीधा लाभ होगा। लोगों को आने जाने में आसानी होगी। सड़कों के अच्छा होने की वजह से दुर्घटनाएं कम होंगी।