रामपुर। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए हाईवे पर रूट सोमवार को भी डायवर्ट रहेगा। इसके साथ ही सोमवार को पूरा दिन हाईवे पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। मंगलवार सुबह से हाईवे पर वाहन चलेंगे और मंगलवार को विद्यालय खुल जाएंगे।
सावन के माह में बड़ी तादाद में शिवभक्त कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार और ब्रजघाट जाते हैं। जहां से गंगाजल लाकर शिवालयों में अर्पित करते हैं। लिहाजा, रविवार को हाईवे पर कांवड़िये भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए अपने-अपने गंतव्य को रवाना होते रहे। इस बीच रामपुर में लोगों ने कांवड़ियों पर फूल बरसाए। इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा के लिहाज से पूरे दिन हाईवे पर जगह-जगह फोर्स तैनात रही। लेकिन, सावन के तीसरे सोमवार पर हाइवे पर रूट डायवर्ट रहेगा। मंगलवार सुबह डायवर्जन को खोला जाएगा। जिसको लेकर पुलिस और प्रशासन ने अपनी ओर से तैयारी कर ली हैं। पुलिस की ओर से सोमवार को पूरा दिन हाईवे पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। टीएसआई सुमित कुमार ने बताया कि अधिकारियों के आदेश पर सोमवार को भी डायवर्जन लागू रहेंगा। मंगलवार सुबह डायवर्जन को हटाया जाएगा।