रामपुर। सोमवार रात को हुई चार एमएम की बारिश से नालियां चोक हो गई और उनसे निकली गंदगी सड़कों पर उतर आई, जिससे सड़कों पर कचरे की गंदगी ने लोगों को परेशान किया। कई जगहों पर गड्ढों में भरे पानी की वजह से फुटपाथ पर लोगों का निकलना दूभर हो गया। सुबह भी जल भराव रहा।
सोमवार को रात करीब आठ बजे से हुई बारिश के बाद से सड़कों का हाल बुरा है। अस्पताल रोड पर सड़कों के गड्ढों में पानी भर गया है। जबकि सिविल लाइंस में रोडवेज की तरफ भी सड़क किनारे पानी भराव रहा है। जबकि डायमंड रोड पर फैले कचरे की वजह से सड़कों पर किचकिच हो गई। शाहबाद रोड पर भी सड़कों पर छोटे-छोटे गड्ढों में पानी भर गया, जिससे टैंपो और ई-रिक्शा के पहिए दिन भर फंसते रहे। वहीं नसरुल्ला खां बाजार में सड़कों पर काफी गंदगी रही, जिससे लोगों का पैदल निकलना दूभर हो गया। दिन भर धूप न निकलने से पानी सूख नहीं सका है। अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि नालों की साफ-सफाई करा दी गई थी। बताया कि नालियों की सफाई दोबारा से कराई जाएगी।