रामपुर शहर में कई जगह जलभराव, शाहबाद में घरों में पानी भरने से परेशान हुए लोग
रामपुर। बृहस्पतिवार को हुई 35 एमएम की बारिश ने जनपद को तरबतर कर दिया। सड़कें, स्टेशन, गलियां समेत हर जगह जलभराव हो गया। जिससे सड़कों पर किचकिच हो गयी। वहीं शाहबाद में सबसे अधिक नालापार में लोगों के घरों तक पानी घुस गया। स्वार क्षेत्र में भी जमकर बारिश हुई। कई इलाकों में देर शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। वहीं जिले भर में कई मकान गिर गए। इसके बाद लोगों को पंचायत घर और स्कूलों में ठहराया गया। वहीं भोट में दीवार गिरने से चपेट में आकर पिता-पुत्री घायल हो गए।
रामपुर शहर में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक होती रही, उसके बाद दिन में भी पानी बरसा। इसके चलते सड़कें लबालब हो गईं। साथ ही नालियां और नाले भी चोक हो गए। जिससे गांधी समाधि पर चोक नाले से पानी निकालने के लिए इंजन लगाया गया। रोडवेज वर्कशाप में भी जलभराव हो गया। वहीं ज्वालानगर, अजीतपुर, गांधी समाधि के निकट, बापू मॉल की तरफ काफी जल भराव रहा है। रामपुर शहर में ड्रेनेज व्यवस्था काफी खराब है। पानी की निकासी न होने के चलते यह दिक्कत आ रही है। नालों से पानी उफनाकर सड़कों तक आने लगा है।
शाहबाद में बारिश के चलते मोहल्ला नालापार में लोगों के घरों में पानी घुस गया। यहां पर लोगों ने अपने घरों के आगे पानी भरने की वजह से कट्टे लगाकर रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन सारा सामान गीला हो गया। यहां नई बस्ती, मोहल्ला सादात समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। स्वार क्षेत्र में भी बारिश से मोहल्ला धनौरी, धनौरा, फाजलपुर, ज्यालफनगला, जामिनगंज, जागीर, अली नगर उत्तरी, बूढ़ी दढि़याल, रतनपुरा, गूलढ़पीपलसाना समेत दर्जनों गांवों में जल भराव हो गया।
बिलासपुर में बारिश से साहूकारा, सिरियामियां, सिंह कालोनी, खोदलपुर कालोनी, लक्ष्मीनगर आदि मोहल्लों में जल भराव हो गया। जिससे लोगों को परेशानी हुई। केमरी में मोहल्ला सिंगाड़ियान, जमारान, नई बस्ती आदि मोहल्लों में जल भराव से परेशानी हो गयी।
कोसी का जलस्तर बढ़ने से लोग चिंतित
रामपुर। कोसी नदी के किनारे बसे गांव रुस्तम छपर्रा, रवन्ना दलेलनगर, प्राणपुर, घोसीपुरा, सालेपुर, ईश्चरपुर समेत तमाम गावं के लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आ रही हैं। नदी का बढ़ता जलस्तर देख लोग परेशान हैं। ऐसे में आसपास 10 संवेदनशील प्वाइंट पर सिंचाई विभाग ने बंधे लगा दिए हैं। उन बंधों के लिए भी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। इसके साथ ही लगातार बाढ़ चाैकियों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। अभी कोसी का जलस्तर खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है।
बारिश में इनसेट
दीवार गिरने से चपेट में आए पिता-पुत्री
सैदनगर। भारी बारिश के कारण सैदनगर में अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव हकीम गंज में अजमत अली का कच्चा मकान गिरने के कारण एक दुधारू पशु समेत कई पशु मलबे में दबने के कारण घायल हुए। आसपास के लोगों ने पशुओं को मलबे से बाहर निकाला। भोट में अशोकपुर गांव निवासी शरीफ अहमद खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बृहस्पतिवार को करीब साढ़े 10 बजे शरीफ अहमद व उनकी पुत्री अपने घर के बाहर आंगन में बैठे थे। इसी दौरान घर की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर गिर गयी। चपेट में आने से किसान व उसकी पुत्री चोटिल हो गए। परिजनों ने दोनों का उपचार निजी चिकित्सक के पास कराया है।
मकान गिरने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम
शाहबाद। तहसील क्षेत्र के जयतोली गांव में लियाकत के कच्चे मकान का एक हिस्सा गिर गया। सूचना के बाद मौके पर एसडीएम सुनील कुमार पहुंचे। उन्होंने लियाकर और उनके परिवार को पंचायत घर में ठहराकर राशन दिया। वहीं पैगुपुरा गांव के ग्राम प्रधान कालूराम के अनुसार उनके ही गांव के जागनपाल की बैठक भरभरा कर गिर पड़ी। हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ।
बारिश से मकान गिरे, पक्के घर में दरारें
पटवाई। पटवाई के ग्राम पटेरिया गांव में बारिश से मकान की छत गिरने के बाद शाहबाद एसडीएम मौके पर पहुंचे। चंडका मदारपुर निवासी लालता प्रसाद का कच्चा मकान बारिश में गिर गया। वह परिवार के साथ झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। लालता को उनके बड़े भाई के मकान में शिफ्ट कराया गया। काजल पत्नी संजीव के आवासीय मकान में तेज बारिश से काफी ज्यादा दरारें पड़ गई हैं। काजल सरकारी विद्यालय में रसोइया हैं। उनकी दो बेटियां हैं। काजल के पति की 12 वर्ष पहले मौत हो गई थी। उनकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है।
दो मकान गिरे, जरूरी सामान मलबे में दबा
सैफनी। थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव निवासी कल्लू व असलम पुत्र हासम एक ही मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे। बृहस्पतिवार को दोपहर में उनका मकान बारिश के कारण गिर गया। मलबे में दोनों भाइयों का सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर एसडीएम सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों परिवारों को गांव के ही कंपोजिट विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष में शिफ्ट कराकर राशन की व्यवस्था भी कराई गई। वहीं नगर निवासी बादल पुत्र श्यामलाल जोशी के कमरे की छत नीचे गिर गई। उस समय परिवार के लोग बरामदे में थे।