रामपुर। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बेसिक स्कूलों में जर्जर भवनों के नीचे बच्चों को न बैठाया जाए। जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी होनी चाहिए। उन्होंने जन शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण और विभागीय योजनाओं को गंभीरतापूर्वक जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में नई तैनाती पाने वाले अफसर गंभीरता से अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन करें। नहर खंड के अधिशासी अभियंता सहित सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि नदियों के जलस्तर पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें और यदि इससे कोई गांव प्रभावित होता है, तो त्वरित रूप से वहां रहने वाले ग्रामीणों को विस्थापित करके सुरक्षित जगह पर पहुंचाने में कोई लापरवाही न रहे। कहा कि 10 बड़े विकास कार्यों का जिला स्तरीय अधिकारी और एक अभियंता की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण होगा।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। सीएमओ को सभी सरकारी अस्पतालों में सर्पदंश से बचाव के लिए जरूरी दवा व इंजेक्शन की उपलब्धता बनाने के निर्देश दिए। बैठक में पंचायती राज और पशुपालन विभाग से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ नंदकिशोर कलाल और डीसी एनआरएलएम मंसाराम यादव मौजूद थे।