मसवासी (रामपुर)। किसान के खाते से 12.49 लाख रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रहमतगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव धर्मपुर उत्तरी निवासी किसान कर्म सिंह (70) ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा रहमतगंज के तत्कालीन शाखा प्रबंधक रोहित दहिया, फील्ड ऑफिसर कमलेश तिवारी, कैशियर आकाश आदि कर्मचारियों ने जालसाजी कर उसके खाते से 12.49 लाख हजार रुपये की धनराशि निकाल ली थी। जब उसने पासबुक की एंट्री कराई तो खाते से रकम गायब थी। उसने बैंक कर्मियों से जानकारी की तो उन्होंने जल्द ही खाते में रकम वापस आने का आश्वासन दिया था, लेकिन खाते में रुपये वापस नहीं आए।
साथ ही कुछ दिन बाद सभी शाखा प्रबंधक समेत सभी आरोपी कर्मचारियों के तबादले हो गए। जिसके बाद वह गायब धनराशि को वापस लेने के लिए उनके घर गया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद एसपी को पत्र भेजकर मामले की शिकायत की, लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। मामले का संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। जिसके बाद पुलिस ने चारों नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।