स्वार (रामपुर)। कोतवाली पुलिस ने दहेज की मांग पूरी न होने पर रिश्ता खत्म करने के आरोप में मंगेतर समेत नौ लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के बिजाखाता निवासी मोईददीन ने आरोप लगाया है कि उसकी भांजी का रिश्ता लगभग 20 माह पहले मिलक खानम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हरिया गांव के नूर आलम के साथ तय हुआ था। आरोप है कि जब शादी की तारीख रखने का समय आया तो अचानक दहेज की मांग की जाने लगी।
28 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे लड़के पक्ष के जलीस अहमद, नाजमा, नसीम जहां, फरहत जहां, काशिफा, फरहीन, शिफा तथा रिजवान उसके घर आए और दहेज की मांग रखी। असमर्थता जताने पर युवक पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस ने जब केस दर्ज नहीं किया, तब पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है।