रामपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 23.3 करोड़ की लागत से रामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। प्लेटफार्म ऊंचा करने के साथ अब मालखाने को तोड़कर काम शुरू कर दिया गया है। पुराने पुल को तोड़कर नया बनाने की तैयारी है। हालांकि, जीर्णोद्धार कार्याें के बीच यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।योजना के तहत रामपुर रेलवे स्टेशन पर काम में तेजी लाते हुए मालखाना, पुल के साथ प्लेटफाॅर्म ऊंचा करने का काम भी हो रहा है। पांच दिन पहले बरेली की टीम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए आई थी। जिसमें रेलिंग के पुराने पुल को तोड़ने पर सहमति बनी थी। कार्यालयों को भी शिफ्ट किया गया है। टिकट कलेक्टर कार्यालय को दूसरी जगह दी गई है।
रेलवे स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म ठीक करने के साथ लाइटिंग व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। यहां पर फ्लोर बनाए जाएंगे। स्टेशन पर यात्रियों और कारोबारियों को सुविधा मिलेगी। खूबसूरत वेटिंग हाॅल और शौचालय का निर्माण कार्य कराया जाएगा। दो लिफ्ट और दो एस्केलेटर भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा मुफ्त वाईफाई सेवा के साथ स्वच्छ जल, स्वच्छता पर भी जोर दिया जाएगा।
-
रामपुर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। यहां पर अभी काफी काम होना है। बरेली से टीमें भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। जल्द ही रेलवे स्टेशन की सूरत बदली नजर आएगी। - मो. आजम, स्टेशन अधीक्षक, रामपुर