रामपुर। एनएचएआई (नेशनल हाईवे अथाॅरिटी ऑफ इंडिया) द्वारा उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के किच्छा से काशीपुर होते हुए रुद्रपुर को जोड़ने के लिए एनएच-74 पर रुद्रपुर हाईवे के निर्माण की तैयारी तेज कर दी गई है। 21.476 किमी के रुद्रपुर बाईपास के निर्माण में एनएचएआई 1052 करोड़ रुपये खर्च करेगा। जिसमें रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र के 10 से ज्यादा गांवों के 200 से ज्यादा किसानों की भूमि अधिगृहीत की गई है। 80 फीसदी से ज्यादा किसानों को मुआवजा भी दे दिया गया है, जबकि कुछ विवादित मामलों का निस्तारण जारी है। रिंग रोड की तर्ज पर ही एनएचएआई को रुद्रपुर बाईपास बनाने की जिम्मेदारी दी गई। एनएचएआई ने फोरलेन सड़क निर्माण के लिए हरियाणा की गाबड़ कंस्ट्रक्शन कंपनी को जिम्मदारी दी है। 21.476 किमी लंबी फोरलेन सड़क में 300 मीटर का एक फ्लाईओवर, दो रेलवे ओवरब्रिज, दो विकल ओवरपास, छह छोटे पुल, सात विकल अंडरपास का 1052 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाएंगे।
एचएच-74 के इस फोरलेन बाईपास को बिलासपुर के गांव डिबडिबा, चंदायन, इंद्रपुर, बारादरी, सुआ नगला, चांदपुर, खानपुर, मनिहार खेड़ा गांव में होते हुए किच्छा हाईवे राधा स्वामी सत्संग भवन के पास निकाला जाएगा। एनएचएआई ने रुद्रपुर बाईपास निर्माण के लिए रामपुर और ऊधमसिंह नगर की 104.247 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया है। दोनों जिलों के करीब 500 लोगों की कृषि और गैर कृषि भूमि का अधिग्रहण कर कुल 340 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है।
रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र के 200 किसानों की जमीन अधिगृहीत कर 80 फीसदी किसानों को मुआवजा दे दिया गया है। कुछ विवादों का निस्तारण चल रहा है। एसडीएम बिलासपुर हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि कुछ किसानों ने ऐतराज जताया था, उनकी समस्या का निस्तारण किया जा रहा है। एडीएम हेम सिंह ने भी किसानों से आपत्ति मांगी थी, जिसके बाद उनका निस्तारण किया गया। कई मामलों में वार्ता जारी है।
-
ये होंगे निर्माण कार्य -
एनएचएआई के साइट इंजीनियर तुषार गुप्ता ने बताया कि रामपुर जिले के बिलासपुर के इंदरपुर में रेलवे लाइन के ऊपर फोरलेन आरओबी का निर्माण होगा। आरओबी के बाद 300 मीटर के फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। एक रेलवे ओवरब्रिज रुद्रपुर के कल्याणपुर में पड़ने वाली रेलवे लाइन के ऊपर बनेगा। दो विकल ओवरपास सिडकुल चौक में और एक बमरौला में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास बनेगा। नदियों के ऊपर छह माइनर पुल बमरौला, इंदरपुर, दानपुर, खानपुर, बिंदुखेड़ा, चांदपुर में बनाए जाएंगे। इसी तरह काशीपुर हाईवे समेत मुख्य सड़कों में सात विकल अंडरपास का निर्माण होगा।
-
रुद्रपुर बाईपास बनने से जमीन होगी महंगी
बिलासपुर क्षेत्र के किसानों को जमीनों का कई गुना मुआवजा मिल रहा है, जिससे किसान खुश हैं। उनका कहना है कि बाईपास बनने से जमीने तो महंगी होगी ही लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उत्तराखंड के किच्छा और रुद्रपुर की कनेक्टिविटी अच्छी होगी।
रुद्रपुर हाईवे के निर्माण को लेकर किसानों की जमीन अधिगृहीत की जा रही है। मामले में किसानों की आपत्तियों का निस्तारण भी किया जा रहा है। अभी तक रामपुर में बिलासपुर सहित अन्य क्षेत्रों के 80 फीसदी से ज्यादा किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है। - जोगिंदर सिंह, डीएम, रामपुर।