रामपुर। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बुधवार को तीन बूथों पर पुनर्मतदान हुआ। जिसमें 59.46 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान तीनों बूथों पर बड़ी तादात में पुलिस फोर्स मौजूद रही। साथ ही प्रत्याशी और उनके समर्थक भी बूथ पर मौजूद रहे। पुनर्मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा।
विकास खंड शाहबाद के ग्राम सूपा में दो बूथ हैं। इसमें बूथ संख्या 69 है, जिसमें जिला पंचायत के वार्ड 22 एवं 28 के मतदाता आते हैं, जबकि बूथ संख्या 70 पर सिर्फ वार्ड 22 के मतदाता ही आते हैं। जबकि, 15 अप्रैल को मतदान के दौरान बूथ संख्या 70 पर जिला पंचायत के वार्ड 22 के स्थान पर वार्ड 28 के बैलेट आ गए थे। इस मामले की जानकारी उप जिलाधिकारी शाहबाद को मिली, जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ को भेज दी थी। वहीं, जिला पंचायत के वार्ड 13 के भाजपा समर्थित प्रत्याशी मोहन लाल सैनी ने निर्वाचन आयोग से लिखित शिकायत की थी कि उनके वार्ड में बूथ संख्या 380 पर किसी अन्य वार्ड के बैलेट पेपर पहुंच गए थे। इसकी जानकारी होने तक करीब 92 मतदाता मतदान कर चुके थे। उन्होंने इस बूथ पर जिला पंचायत वार्ड के लिए पुन: मतदान कराने की मांग की थी।
जिलाधिकारी ने दोनों मामलों की जानकारी राज्य चुनाव आयोग को दे दी थी। जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिला पंचायत के वार्ड 22 के बूथ संख्या 69, 70, वार्ड 28 के बूथ संख्या 69 एवं वार्ड 13 व वार्ड दो के बूथ संख्या 380 पर 21 अप्रैल को पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत बुधवार को तीनों बूथों पर पुनर्मतदान हुआ। इसके बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मतदाताओं ने अपनी बारी आने के बाद मतदान किया। इसमें स्वार के बूथ पर 64.79, शाहबाद के दोनों बूथों पर 57.08 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान बूथों पर बड़ी तादात में पुलिस फोर्स मौजूद रही। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी बूथों पर मौजूद रहे। वहीं एसपी शगुन गौतम ने भी पुनर्मतदान के दौरान भ्रमण कर निर्देश दिए।