शाहबाद (रामपुर)। ढकिया स्थित मेले में चल रहे तीन दिवसीय दंगल में अयोध्या के रविशंकर पहलवान ने कछला के आरिफ पहलवान को चित कर दिया। जीते हुए पहलवान को साढ़े तीन हजार रुपये कमेटी की ओर से इनाम दिया गया।
रानी पद्मावती की याद में चल रहे मेले में रविवार को पहले दिन दंगल का आयोजन किया गया। दंगल की पहली कुश्ती मुख्य अतिथि पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर और पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगपाल सिंह ने हाथ मिलवाकर शुरू कराई। दंगल की अगली कुश्ती मुजफ्फरनगर के आलम और रुड़की आर्मी सेंटर के सोनू के बीच हुई। इस कुश्ती में सोनू ने जीत दर्ज कर तीन हजार का इनाम पाया। अगली कुश्ती चंदौसी के पंडित पहलवान और संभल के अनस पहलवान के बीच हुई जो कुश्ती बराबरी से छूटी। बागपत के हिटलर पहलवान और आसफपुर के धर्मेश पहलवान के बीच रोचक कुश्ती हुई। जिसमें धर्मेश ने हिटलर को धूल चटा दी। सगरपुर के यामीन ने दीपक को चित कर दिया। दोबारा से यामीन और सहरनपुर के गौरव पहलवान के बीच कुश्ती हुई। इस कुश्ती में भी यामीन जीते। इस तरह से दंगल में करीब बाइस कराई गई। यह दंगल अगले तीन दिनों तक चलेगा। इस मौके पर मेला कमेटी के राजपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मनोज कुमार, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन केपी सिंह, सुरेश बाबू गुप्ता, धर्मपाल सिंह, देवेन्द्र सिंह, अजय चौहान, टीपी सिंह, प्रेमपाल सिंह, पिंटू सिंह, आदि मौजूद रहे।